Published on: 13 Jul 2026
आईजीयू में नशे के विरुद्ध दौड़े युवा: कृष और वर्षा ने मारी बाज़ी।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) के छात्र कल्याण विभाग (DSW) एवं यूथ रेड क्रॉस (YRC) द्वारा जिला एड्स नियंत्रण सोसायटी, रेवाड़ी के सहयोग से विश्वविद्यालय परिसर में नशा मुक्त भारत एवं एचआईवी/एड्स जागरूकता विषय पर जिला स्तरीय 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि "विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब देश का युवा नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक होगा। साथ ही युवाओं को एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति भी सजग रहना चाहिए। एक स्वस्थ युवा ही समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।" इसके उपरांत उन्होंने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
इस अवसर पर आयोजित 5 किलोमीटर मैराथन में 42 से अधिक छात्र एवं 7 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
उप सिविल सर्जन डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता के विजेता रेवाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय 10 किलोमीटर मैराथन में करेंगे, जिसका कार्यक्रम शीघ्र घोषित किया जाएगा। विजेताओं को रू2500/-, 1500/- व 1000/- और सांत्वना पुरस्कार रू 500/- 500/- दिया जाएगा।
बालिका वर्ग की दौड़ को प्रो. अदिति शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में आधुनिक खेल परिसर तैयार होने के बाद बड़ी संख्या में छात्राओं को खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर उनका प्रतिनिधित्व और अधिक बढ़ेगा।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में कृष ने 13 मिनट 18 सेकंड का समय लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। दीपांशु द्वितीय तथा हिमांशु तृतीय स्थान पर रहे। तीनों विजेताओं को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान किए गए।
महिला वर्ग में वर्षा प्रथम, अंशु द्वितीय तथा पलक तृतीय स्थान पर रहीं, जिन्हें स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त रितिक, गौरव एवं मोनिका को क्रमशः चौथे, पाँचवें एवं छठे स्थान पर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अधिष्ठाता छात्र कल्याण विभाग प्रो. करण सिंह, सहायक निदेशक खेल श्री देवेन्द्र ढाका, सहायक निदेशक युवा कल्याण डॉ. सुशांत यादव, यूथ रेड क्रॉस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नवनीत कौशल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि गोपाल नारायण, चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष यादव एवं डॉ. खुशबू यादव ने विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष यादव ने बताया कि सभी विजेताओं की पुरस्कार राशि उनके बैंक खातों में सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि गोपाल नारायण ने युवाओं को निःशुल्क विधिक सेवाओं एवं उनके अधिकारों के बारे में जानकारी दी। साथ ही प्राधिकरण की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को एक-एक पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में योग प्रशिक्षक अमित, संदीप (क्लर्क), नितिन (प्रोग्रामर), कैप्टन मुकेश, सुरक्षा अधिकारी रमेश, जिम केयरटेकर विक्रम सिंह, मोहित धनखड़ (क्लर्क), संजय (हेल्पर), कुसुम (क्लर्क) सहित अनेक कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।